Top Current Affairs and News Headlines of 28 July 2015 in Hindi:-
28 जुलाई 2015 की मुख्य ख़बरें:-
- पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। एपीजे अब्दुल कलाम शिलांग के आईआईएम में आयोजित एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा और भाषण के दौरान ही वे बेहोश होकर गिर पड़े। पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे अब्दुल कलाम के निधन पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित पूरा देश शोक मग्न है। उनका पार्थिव शरीर गुवहाटी से नई दिल्ली लाया जा रहा है। सरकार ने 7 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
- पिछले 14 वर्षों में भारत से 61,000 करोड़पति (एचएनआई), कर, सुरक्षा एवं बच्चों की शिक्षा जैसे कारणों के चलते विदेश "पलायन" कर गए। इस मामले में भारत विश्व में दूसरे स्थान पर रहा। न्यू वर्ल्ड वेल्थ एवं एलआईओ ग्लोबल द्वारा संयुक्त रूप से जारी एक रिपोर्ट के अनुसार 21वीं सदी की शुरुआत से दूसरे देश की नागरिकता के लिए आवेदनों एवं स्थान परिवर्तन में जबर्दस्त तेजी आई है। वर्ष 2000 से 2014 के बीच करीब 61,000 करोड़पति भारतीय विदेश पलायन कर गए। इस दौरान, चीन से विदेश पलायन करने वाले करोड़पति लोगों की संख्या 91,000 रही।
- राजेश एक्सपोर्ट्स लिमिटेड (आरईएल) ने घोषणा की है कि उसने दुनिया की सबसे बड़ी सोने की रिफाइनरी वालकांबी में 100% की हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। यह सौदा 400 मिलियन डॉलर के निवेश पर हुआ जिसका अर्थ है कि आरईएल विश्व स्तर पर मान्यताप्राप्त वालकांबी के प्रबंधन की देख-रेख करेगी। आरईएल को उम्मीद है कि इससे दोनों कंपनियों के राजस्व और मुनाफे का विस्तार होगा। वालकांबी, जिसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड में है, दुनिया की सबसे बड़ी कीमती धातुओं की रिफाइनरी कंपनी है।
- पूर्व फार्मूला 1 चैम्पियन फेरारी टीम के सेबेस्टियन वेटल (जर्मनी) ने इस साल के सत्र में शानदार वापसी करते हुए हंगरी ग्रां प्री का खिताब जीत लिया। इस रेस में मौजूदा चैम्पियन मर्सिडीज़ टीम के लुइस हैमिल्टन (ब्रिटेन) आशा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए तथा पहले स्थान से शुरूआत करने के बावजूद छठवें स्थान पर रहे। इस खिताबी जीत के साथ वेटल ने पूर्व फार्मूला वन चैम्पियन आयर्टन सेन्ना के 41 खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
- कजाकिस्तान में हुए कप ऑफ द प्रेसिडेंट ऑफ रिपब्लिक ऑफ कजाकिस्तान के पांचवें संस्करण में भारतीय महिला पहलवानों की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। टूर्नामेंट में आठ सदस्यीय भारतीय टीम ने दुनिया के शीर्ष पहलवानों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और 10,000 डॉलर की इनामी राशि जीतने में सफल रहीं। मेजबान कजाकिस्तान शीर्ष पर रहा, जबकि मंगोलिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
- 14वें स्पेशल ऑलम्पिक खेल 25 जुलाई 2015 से 2 अगस्त 2015 तक लॉस एंजेल्स (अमेरिका) में आयोजित हो रहे हैं। इन खेलों के 14वें संस्करण का उद्घाटन लॉस एंजेल्स मेमोरियल कोलेज़ियम में हुआ। इस आयोजन में विश्व के 170 से अधिक देशों के 7,000 खिलाड़ी प्रतिभागिता कर रहे हैं तथा इसमें 25 स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। मानसिक अक्षमताओं से ग्रस्त बच्चों तथा व्यस्कों के लिए खेल गतिविधियों के महत्व को समझ कर इस प्रकार के वैश्विक आयोजन करने का विचार सर्वप्रथम पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन कैनेडी की बहन इयुनिस कैनेडी श्राइवर को आया था।
- वोल्वो इन्वीटेशनल हॉकी टूर्नामेंट में भारत की अंडर-21 महिला टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया है। हॉलैंड के ब्रेडा में भारत ने पेनल्टी शूटआउट में इंग्लैंड को हराया। निर्धारित समय की समाप्ति पर दोनो टीमें 1-1 से बराबर थीं। पेनल्टी शूटआउट में भारत की गोलकीपर इन्दरप्रीत कौर ने सभी शूटआउट रोक दिए और दीप ग्रेस एक्का ने गोल करके भारत को जीत दिला दी।
- ब्रिटेन के साइकिलिस्ट क्रिस फ्रूम, टूअर डि फ्रांस की प्रतिष्ठित साइकिलिंग चैंपियनशिप जीतने वाले पहले ब्रिटेनवासी बन गए हैं जिन्होंने इस चैंपियनशिप को दो बार जीता है। अंतिम राउंड की बाजी आंद्रे ग्रेपल के नाम होने के बावजूद खिताब क्रिस फ्रूम के नाम रहा। 30 साल के फ्रूम इससे पहले ये खिताब 2013 में भी जीत चुके हैं। उन्होंने कोलंबिया के नाइरो क्विंटाना को 72 सेकेंड के अंतर से पछाड़ा। वहीं स्पेन के अलेजांद्रो वेलर्वडे तीसरे स्थान पर रहे।
- सुरेश नारायणन को मैगी विवाद के बीच नेस्ले इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया। नारायणन एटीन बेनेट का स्थान लेंगे और एटीन बेनेट अब स्विट्जरलैंड में नेस्ले समूह के प्रधान कार्यालय में कार्य करेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही नारायणन 16 वर्ष के अंतराल के बाद इस पद को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। नारायणन नेस्ले इंडिया के नए प्रबंध निदेशक के रूप में अपना कार्यभार 1 अगस्त से संभालेंगे।
- नामीबिया की हेलेना न्ड्यूम और पुर्तगाल के जॉर्ज सैम्पायो को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा प्रथम नेल्सन मंडेला रोहिल्हाला पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हेलेना न्ड्यूम एक महिला नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं उन्हें यह पुरस्कार नामीबिया और विकासशील देशों में अंधेपन और आंख से संबंधित बीमारियों के इलाज के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रदान किया गया। जबकि पुर्तगाल के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज सैम्पायो को पुर्तगाल में लोकतंत्र की बहाली के लिए आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यह पुरस्कार दिया गया। वह वर्ष 1996 से 2006 तक पुर्तगाल के राष्ट्रपति थे और वह वर्ष 1989 से 1995 तक लिस्बन के मेयर भी रहे।
- ओलम्पिक चैम्पियन और विश्व रिकार्डधारी एथलीट जमैका के उसैन बोल्ट ने डायमंड लीग मीट में 100 मीटर रेस जीती। वर्ष 2012 में लंदन ओलम्पिक में तीन स्वर्ण जीतने वाले बोल्ट ने उसी ट्रैक पर आयोजित लंदन डायमंड मीट में 100 मीटर रेस 9.87 सेकेंड में पूरी की। चोट से परेशान बोल्ट छह सप्ताह के बाद प्रतिस्पर्धा में लौटे हैं। बोल्ट ने अमेरिका के धावक माइकल रोजर्स को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान पाया।
0 comments:
Post a Comment
Click to see the code!
To insert emoticon you must added at least one space before the code.